आपके बच्चे कल का भविष्य हैं। हर माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की कामना करते हैं। लेकिन, सिर्फ चाह कर आप अपने बच्चे को बेहतर भविष्य नहीं दे सकते। इसके लिए जरूरी है कि फाइनेंशियल प्लानिंग और निवेश का संतुलित तरीका अपनाया जाए। आज हम आपको बता रहे हैं कि कैसे आप सही समय पर निवेश की शुरुआत कर अपने बच्चों का भविष्य सुधार सकते हैं।
ऐसे बनाएं निवेश का प्लान
मान लीजिए आपकी एक बेटी या बेटा है जिसकी उम्र 2 साल है। आप 22 साल की उम्र में मास्टर इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) करना चाहते हैं। अभी एमबीए की पढ़ाई की फीस 10 लाख रुपये है और यहां सालाना महंगाई दर 7 फीसदी है। यानी जब वह 22 साल का होगा तो एमबीए की फीस करीब 50 लाख रुपये होगी।
म्यूच्यूअल फण्ड निवेश का एक बेहतर विकल्प
अगर आप 2 साल की उम्र से म्यूचुअल फंड में पैसा लगाते हैं और 12 फीसदी रिटर्न मिलता है तो आपको इस रकम के लिए करीब 5100 रुपये प्रति माह निवेश करना होगा। अगर आप 8 साल की उम्र से निवेश करना शुरू करते हैं, तो आपको लगभग 11,271 रुपये प्रति माह निवेश करने की आवश्यकता होगी, जबकि यदि आप 12 साल की उम्र से निवेश शुरू करते हैं, तो आपको 20,805 रुपये प्रति माह निवेश करने की आवश्यकता होगी। इसलिए बच्चों के सुखद भविष्य के लिए इसकी शुरुआत उनके जन्म के बाद से ही जल्द से जल्द कर देनी चाहिए। इससे आपके बजट पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा और पैसों का प्रबंधन करना आसान हो जाएगा।
अपने बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए इन विकल्पों को चुनें
म्यूचुअल फंड: म्यूचुअल फंड में आप लंबी अवधि के लिए निवेश कर सकते हैं। SIP के जरिए आप छोटी रकम से निवेश की शुरुआत कर सकते हैं। लंबी अवधि में आप अपने निवेश पर आसानी से 12-15% रिटर्न पा सकते हैं।
यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (यूलिप): आप बच्चों के लिए बीमा कंपनियों से यूनिट लिंक्ड प्लान भी चुन सकते हैं। बाजार को ध्यान में रखते हुए यूलिप का औसत रिटर्न लगभग 12-15% है।
एफडी, एनएससी और पीपीएफ लंबी अवधि के लिए आप बच्चों के नाम पर एफडी, एनएससी और पीपीएफ जैसी पारंपरिक योजनाओं में निवेश कर सकते हैं। बिना किसी जोखिम के वे बच्चों के भविष्य को संवारने में मदद करेंगे।
चाइल्ड कैपिटल गारंटीड सॉल्यूशन: ये यूनिट लिंक्ड और गारंटीड रिटर्न प्लान का एक संयोजन हैं। इन योजनाओं में, निवेश की गई राशि का 50-60% गारंटीड रिटर्न वाले हिस्से में जाता है। यह निवेश का भी एक बड़ा माध्यम है।
बाल शिक्षा योजना: भारत में बाल शिक्षा योजना एक प्रकार का बीमा है जो आपके बच्चे के भविष्य को सुनिश्चित करते हुए आपकी बचत की रक्षा करता है। यह योजना आपको अपनी बचत का निवेश करने और बाद में अपने बच्चे की शिक्षा के लिए उपयोग करने की अनुमति देती है।
पोस्ट ऑफिस आरडी स्कीम: अगर आप बच्चे के लिए शॉर्ट टर्म इन्वेस्टमेंट स्कीम की तलाश में हैं तो पोस्ट ऑफिस आरडी स्कीम एक बेहतरीन निवेश विकल्प है। इस स्कीम में आप हर महीने 100 रुपए का छोटा-मोटा निवेश कर बड़ा फंड बना सकते हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना: बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए यह एक बेहतरीन योजना है। इस योजना के तहत आप अपनी बेटी के नाम पर 250 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये तक का निवेश कर सकते हैं।
एलआईसी न्यू चिल्ड्रन मनी बैक प्लान: एलआईसी न्यू चिल्ड्रेन मनी बैक प्लान एलआईसी के न्यू चिल्ड्रन मनी बैक प्लान की पॉलिसी अवधि 25 वर्ष है। इसमें आपको मैच्योरिटी की रकम किस्तों में मिल जाती है। इसके तहत जब आपका बच्चा 18 साल का हो जाता है तो उसे पहली बार भुगतान किया जाता है।
चाइल्ड प्लान में निवेश करने से पहले जरूरी सूचना
अगर आप अपने बच्चे के भविष्य में निवेश करना चाहते हैं तो बाजार में अलग-अलग कंपनियों के कई चाइल्ड पॉलिसी उपलब्ध हैं। हालांकि, चाइल्ड प्लान में निवेश करने से पहले कुछ पहलुओं को समझना जरूरी है। चाइल्ड प्लान चुनने से पहले, अपनी आय और बचत क्षमता को तौल लें। फिर देखें कि आप जो चाइल्ड प्लान ले रहे हैं, वह आपके बच्चे की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है या नहीं। अगर आपके साथ कुछ अनहोनी हो जाती है तो क्या यह आपके बच्चे की वित्तीय जरूरतों को पूरा कर पाएगा?
इनकम टैक्स छूट का भी आप लाभ उठा सकते हैं
बच्चों के नाम पर मल्टीपल चाइल्ड प्लान लेने पर आप इनकम टैक्स के सेक्शन 80सी के तहत छूट पा सकते हैं। इसके अलावा मैच्योरिटी पर मिलने वाली राशि पर आयकर की धारा 10(10डी) के तहत आयकर से छूट प्राप्त है। अगर आपके एक से ज्यादा बच्चे हैं तो आप ऐसा प्लान चुन सकते हैं जिसमें दोनों बच्चों के लिए पैसे बचाए जा सकें।

0 Comments