Ticker

6/recent/ticker-posts

अब आप नर्मदा नदी में क्रूज से एमपी से गुजरात की यात्रा कर सकते हैं

नर्मदा नदी में तीन रूटों पर होगी क्रूज राइड

-तवा से मढ़ई, बरगी से मंडला और बड़वानी से केवड़िया तक मिलेगी सुविधा


भोपाल। प्राकृतिक सौन्दर्य और नदी सहित अन्य जलाशयों की उपलब्धता को देखते हुए मप्र में पर्यटक जल्द ही नर्मदा नदी में क्रूज राइड का आनंद ले सकेंगे। मप्र पर्यटन बोर्ड ने नर्मदा नदी और उसके बैक वाटर में तीन मार्गों की पहचान की है, जहां क्रूज का संचालन किया जाएगा। हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में सीएम शिवराज सिंह ने क्रूज संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही थी.

हालांकि, 14, 15 मई को मुंबई में आयोजित पहले अंतर्राष्ट्रीय क्रूज सम्मेलन में, कई कंपनियों ने तीन मार्गों पर परिभ्रमण के संचालन में रुचि दिखाई है। मप्र पर्यटन बोर्ड की ओर से उप निदेशक (साहसिक खेल) उमाकांत चौधरी और उनकी टीम ने मप्र में क्रूज संचालन की बेहतर संभावनाओं के बारे में प्रस्तुति दी. आयोजन में देश के सभी राज्यों के अलावा स्विट्जरलैंड, यूएई समेत अन्य देशों के प्रतिनिधि और कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

कॉन्फ्रेंस का आयोजन पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय समेत फिक्की एवं अन्य एजेंसियों ने किया था। 14 मई को समुद्र में क्रूज संचालन तो 15 मई को नदियों और जलाशयों में क्रूज संचालन को लेकर प्रेजेंटेशन हुए।

मध्य प्रदेश से गुजरात तक का सफर

टूरिज्म बोर्ड की ओर से तवा से मढ़ई तकरीबन 40 किमी, बरगी से मंडला तक 80 किमी और बैक वाटर समेत 90 किमी और बड़वानी से स्टेचू ऑफ यूनिटी यानी गुजरात के केवड़िया तक 135 किमी की दूरी तक क्रूज संचालन के लिए रूट प्रस्तावित किया गया है। इसमें से बड़वानी से केवड़िया तक के रूट के लिए जून तक फाइनल सर्वे पूरा कर लिया जाएगा। सर्वे का पहला चरण पूरा कर रिपोर्ट सौंपी गई है।

कई विभागों से लेनी होगी मंजूरी

नर्मदा नदी और उसके बैक वाटर में क्रूज संचालन के लिए वन विभाग, जल संसाधन विभाग समेत एनवीडीए की मंजूरी का पेंच बाकी है। इसके लिए मप्र टूरिज्म बोर्ड विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को देगा। जानकारी के मुताबिक क्रूज संचालन करने वाली कंपनियों को इन विभागों से आवश्यक मंजूरी के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था की जाएगी। यहां बता दें कि क्रूज के लिए स्टॉपेज समेत सैलानियों के लिए सुविधाओं में विस्तार केलिए निर्माण कार्य किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments